Answer for छेनियाँ क्या होता है
छेनियाँ क्या होता है
हल्के व पतले अवयवों को काटने के लिए सबसे अधिक प्रयोग में आने वाला औजार छेनी है। छेनी को बनाने के लिए हाई कार्बन स्टील (High Carbon Steel) का गोल, षट्भुजाकार या अष्टभुजाकार लट्ठा प्रयोग किया जाता है। छेनी का कोई निश्चित साइज (Size) नहीं होता। आवश्यकतानुसार ये छोटी-बड़ी हर साइज की प्रयोग की जाती हैं। फोर्जिंग विधि द्वारा इसके शीर्ष (Striking Head) को लगभग 70° के कोण पर शंक्वाकार बनाया जाता है तथा निचले भाग को उल्टे आयताकार पिरामिड (Pyarmid) की भाँति बनाया जाता है, जैसा चित्र में दर्शाया गया है। इस उल्टे आयताकार पिरामिड वाले भाग को काटने के काम में लाते हैं। पिरामिड के नुकीले सिरे पर ग्राइण्ड करके कटिंग एज (Cutting Edge) बनाई जाती है। इस कटिंग एज पर 35° से 70° तक का कोण रखा जाता है। यह कोण काटे जाने वाली धातु पर निर्भर करता है। मुलायम (Soft) धातु के लिए यह कोण कम तथा कठोर (Hard) धातु के लिए इस कोण को अधिक रखा जाता है। छेनी की काटने वाली एज को पर्याप्त कठोरता प्रदान करने के लिए उसे ऊष्मा उपचार (Heat Treatment) द्वारा हार्ड तथा टेम्पर (Hard And Temper) कर लिया जाता है।
प्रकार Types छेनियों का प्रयोग धातु की ठण्डी व गरम दोनों अवस्थाओं में किया जाता है। अतः छेनियों को दो प्रकार से वर्गीकृत किया जा सकता है।
1.गरम छेनी Hot Chisel
यह छेनी धातु अवयवों को गर्म अवस्था में ही काटने के काम में लाई जाती है। इसकी आवश्यकता फोर्जिंग शॉप (Forging Shop) में अधिक रहती है। इसकी कटाई धार (Cutting Edge) का कोण 30° होता है। कटाई करने के पश्चात् प्रत्येक बार इसकी धार को पानी में ठण्डा कर लिया जाता है। इससे इसकी धार हार्ड हो जाती है। इसको बार-बार हार्ड व टेम्पर करने की आवश्यकता नहीं होती।
2.ठण्डी छेनी Cold Chisel
ठण्डी छेनी (Cold Chisel) द्वारा धातु खण्डों को ठण्डी अवस्था में काटा जाता है। लगभग प्रत्येक शॉप में इसके प्रयोग की आवश्यकता रहती है। विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग आकार (Shape) की छेनियाँ प्रयोग की जाती हैं।
फ्लैट छेनी Flat Chisel
इसमें छेनी की चौड़ाई उसकी मोटाई से अधिक होती है। कटिंग एज को हल्की गोलाई दी जाती है। इससे कटिंग में सुविधा मिलती है। चिपिंग करते समय छेनी गहराई में नहीं जाती। लगभग प्रत्येक साइज की फ्लैट छेनी प्रयोग में आती है। यह सबसे अधिक प्रयोग होने वाली छेनी है।
क्रॉस कट छेनी Cross Cut Chisel
क्रॉस कट छेनी की कटिंग एज की चौड़ाई उसकी मोटाई से कम होती है, इसका प्रयोग किसी कार्यखण्ड में खाँचे (Grooves) काटने के लिए किया जाता है। इसके द्वारा अधिक मोटाई की कटिंग की जा सकती है। इसके द्वारा शाफ्ट या हब में की-वे (Key-Way) काटे जाते हैं। इस छेनी का एक सिरा गोलाई में बनाकर हाफ राउण्ड ग्रूव (Half Round Groove) भी बनाया जा सकता है।
डायमण्ड प्वॉइण्ट छेनी Diamond Point Chisel
इस छेनी की कटिंग एज का आकार नुकीला तथा चौकोर हीरे के समान होता है। इसके नुकीले प्वॉइण्ट से ‘V’ ग्रूव काटे जा सकते हैं। डायमण्ड प्वॉइण्ट छेनी का प्रयोग आयताकार ग्रूव के कोने शार्प (Sharp) करने के लिए भी किया जाता है।
हाफ राउण्ड छेनी Half Round Chisel
जैसा कि नाम से ही विदित है, इस छेनी के आगे के टेपर भाग को अर्द्धवृत्ताकार आकार का बनाया जाता है। इसके सिरे पर कटिंग एज बनाई जाती है। इसकी कटिंग एज की चौड़ाई बहुत कम होती है। इस छेनी का प्रयोग हब आदि में को-वे (Key-Way) काटने या ब्रासों में ऑयल ग्रूव बनाने के लिए किया जाता है।
गऊ-मुख छेनी Cow-Mouth Chisel
इस छेनी का रौंक खोखला होता है तथा आगे से टेपर (Tapered) होता है। इसको तिरछा काटने से अन्दर की साइडों में कटिंग एज गऊ-मुख के समान प्राप्त होती है, यह वक्र कटिंग एज (Curved Cutting Edge) किसी भी कार्यखण्ड को परिधि पर काटने के काम आती है।
खोखली छेनी Hollow Chisel
गऊ-मुख छेनी के समान यह छेनी भी खोखली होती है तथा आगे से शंकु आकार की होती है। इसकी कटिंग एज वृत्ताकार होती है, यह गोल (Circular) होल (Hole) करने के काम आती है। कटिंग एज से ऊपर एक झिरीं बनी होती है, जिससे स्क्रैप मैटीरियल (Scrap Material) बाहर आ जाता है। यह छेनी मुलायम धातुओं या चमड़ा व रबड़ शीट काटने के काम आती है।
ऑफसैट छेनी Offset Chisel
इस छेनी का आगे का रौंक वाला भाग फोर्ज करके एक साइड में ऑफसैट (Offset) कर दिया जाता है, यह छेनी फ्लैट तथा साइड दो प्रकार की होती है। फ्लैट कटिंग छेनी की धार सम्पूर्ण चौड़ाई में बनी होती है तथा साइड कटिंग छेनी की धार साइड में बनी होती है। इस छेनी का प्रयोग चिपिंग करने में किया जाता है। स्लॉट से चिप्स को साफ करने के लिए भी इस छेनी का प्रयोग किया जाता है।