Answer for कॉन्स्टैन्ट मैश गियरबॉक्स क्या होता है ?

बिना आवाज के सरलतापूर्वक गियर बदलने के लिए कॉन्स्टैन्ट मैश गियरबॉक्स का डिजाइन किया गया है। यह भी स्लाइडिंग मैश गियरबॉक्स का ही सुधरा रूप है। इसमें भी उसी प्रकार लगभग सभी भाग होते हैं। केवल स्लाइडिंग कॉलर नए भाग होते हैं, परन्तु इसमें मेन शाफ्ट पर जो गियर चढ़ रहे हैं, वे मेन शाफ्ट के खाँचों (spline) में फिट न होकर मेन शाफ्ट पर बनी समतल (plane) जगह पर फिट किए जाते हैं, जिससे कि ये शाफ्ट को घुमाए बिना भी सरलता से घूम सकें। ये सभी गियर ले-शाफ्ट पर बने अपने जोड़े के गियर से हमेशा मिले रहते हैं।
इन गियरों को खिसकाकर मिलाने की आवश्यकता नहीं होती है। ये सभी गियर अपने दाँतों के अनुपात में साथ-साथ घूमते रहते हैं। जो गियर डालना होता है, उससे सम्बन्धित स्लाइडिंग कॉलर या डॉग को खिसकाकर गियर के साथ लॉक कर दिया जाता है, क्योंकि ये कॉलर या डॉग मेन शाफ्ट पर बने खाँचों के ऊपर फिट रहते हैं, इसलिए गियर के साथ लॉक होते ही गियर की चाल में मेन शाफ्ट को भी घुमाने लगते हैं। इस प्रकार इंजन की शक्ति पिछले पहियों को जाने लगती है। इस गियरबॉक्स में गियरों के दाँते टूटने का भय नहीं रहता है तथा आवाज भी गियर बदलते समय कम आती है। केवल स्लाइडिंग कॉलर या डॉग के ही दाँतों के टूटने का भय रहता है, जोकि अपेक्षाकृत कम हानि पहुंचाता है।

स्लाइडिंग मैश की तुलना में कॉन्स्टैन्ट मैश गियरबॉक्स के लाभ Advantages of Constant Mesh Gearbox in Comparison to Sliding Mesh
1. कॉन्स्टैन्ट मैश में गियर के जोड़े हमेशा मिले रहते हैं अत: इसमें हैलीकल गियर भी प्रयोग कर सकते हैं।
2. कॉन्स्टैन्ट मैश में डॉग अपेक्षाकृत कम घिसते हैं। इसके अतिरिक्त इन्हें बदलना सस्ता पड़ता है।

सिन्क्रोमैश गियरबॉक्स Synchromesh Gearbox
किसी भी ट्रांसमिशन प्रणाली में बिना आवाज सरलता से दो अलग-अलग चाल पर चलते हुए गियरों को मिलाने के लिए यह आवश्यक है कि उन दोनों गियरों की चाल पूर्ण मिलान से पूर्व लगभग एक जैसी की जाए जिस प्रकार चलते ट्रैक्टर में में चढ़ते समय अपनी चाल लगभग ट्रैक्टर के समान करनी होती है अन्यथा सुगमता से आप उस पर चढ़ नहीं सकते। सिन्क्रो शब्द का प्रयोग सामान्यतः एक साथ चलाने के लिए किया जाता है। दो अलग-अलग चालों पर घूमने या चलने वाले भागों की चाल को बराबर करना सिन्क्रोनाइजिंग कहलाता है। गियरबॉक्सों में भी दो अलग-अलग चाल पर चलते हुए गियरों को मिलाने से पूर्व उनकी चाल बराबर करना आवश्यक होता है, इसलिए गियरबॉक्सों में एक ऐसी यान्त्रिक युक्ति (mechanical device) लगाई जाती है. जो दो गियरों को मिलाने से पर्व उनकी चाल को एक कर देती है। इस डिवाइस को सिन्क्रोनाइजर इकाई (synchronizer unit) कहते हैं। यह लगभग रगड़ खाने वाले क्लच के सिद्धान्त पर कार्य करती है। यह गियरबॉक्स स्लाइडिंग मैश गियरबॉक्स तथा कॉन्स्टैन्ट मैश गियरबॉक्स का मिला-जुला रूप होता है। इसमें पहला तथा रिवर्स गियर डालने के लिए तो स्लाइडिंग मैश गियरबॉक्स की भाँति ही व्यवस्था रहती है, क्योंकि ये गियर सामान्यतः ट्रैक्टर की खड़ी अवस्था में ही डाले जाते हैं तथा उस समय मेन शाफ्ट स्थिर रहती ही है और ले-शाफ्ट को भी क्लच डिसएंगेज करके स्थिर कर दिया जाता है। इस प्रकार स्थिर गियरों को मिलाने में कोई कठिनाई नहीं होगी। अन्य सभी गियर कॉन्स्टैन्ट मैश गियरबॉक्स की भाँति अपने-अपने जोड़े के साथ मिले रहते हैं तथा मेन शाफ्ट पर फ्री घूमते रहते हैं, परन्तु इन गियरों को कॉलर या डॉग द्वारा लॉक करने की व्यवस्था नहीं की जाती है।

Back to top button